अक्षय कुमार की फिल्म ‘OMG-2’ को लेकर चल रहे विवाद पर थमते नज़र नहीं आ रहे हैं। महाकाल मंदिर के पुजारियों ने एक बार फिर फिल्म को लेकर आपत्ति जताते हुए महाकाल मंदिर में शूट किए गए सीन को हटाने को कहा है। ऐसा न होने पर पुजारियों ने  FIR कराने की धमकी तक दे डाली है।

महाकाल मंदिर के पुजारी, महाकाल सेना और अखिल भारतीय पुजारी संघ ने कहा है कि फिल्म को यदि सेंसर बोर्ड ने A सर्टिफिकेट दिया है, तो यह फिल्म अब वयस्कों की श्रेणी में आती है। इसलिए महाकाल मंदिर में फिल्माए गए सभी सीन फिल्म से हटाना चाहिए।

आगे यह भी कहा गया है कि अगर फिल्म के संवाद और दृश्य नाबालिग नहीं देख सकते तो ऐसी फिल्म में महाकाल मंदिर के दृश्य नहीं होना ही ठीक है। अगर फिल्म के निर्माता- निर्देशक ने महाकाल मंदिर के सीन नहीं हटाए तो FIR दर्ज कराई जाएगी।

गौरतलब है कि 11 जुलाई को फिल्म का टीजर रिलीज हुआ था। तब विरोध की आशंका के चलते सेंसर बोर्ड ने फिल्म की रिलीज डेट पर रोक लगा दी थी और फिल्म को रिव्यू कमेटी के पास भेजा था। तब भी पुजारियों ने यह मांग उठाई थे कि फिल्म रिलीज़ से पहले फिल्म को साधु-संतों को दिखाया जाय।