राखी सावंत की मुसीबतें बढ़ती ही जा रही हैं। पहले तो पति आदिल शादी से इनकार करता रहा। अब उन्हें मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस बार  राखी की परेशानी की वजह एक अन्य बोल्ड एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा बनी हैं।

राखी के अरेस्ट होने की जानकारी खुद शर्लिन चोपड़ा ने ट्वीट करके दी है। कुछ समय पहले शर्लिन चोपड़ा ने मुंबई पुलिस में राखी सावंत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब राखी को हिरासत में ले लिया है।

शर्लिन चोपड़ा ने ट्वीट करके लिखा है, 'ब्रेकिंग न्यूज अंबोली पुलिस ने एफआईआर 883/2022 के सिलसिले में राखी सावंत को हिरासत में ले लिया है। राखी सावंत की ABA 1870/2022 को कल मुंबई सेशंस कोर्ट ने खारिज कर दिया था।

बिग बॉस 16 शुरू होने के बाद शर्लिन चोपड़ा ने मेकर्स पर साजिद खान से नाराजगी जाहिर की थी। शर्लिन ने कहा कि जिस शख्स ने कई लड़कियों का शोषण किया है। उन्हें शो में रहने का कोई अधिकार नहीं है। इसके बाद शर्लिन ने साजिद खान के खिलाफ शिकायत लेकर पुलिस से संपर्क किया। राखी सावंत साजिद खान को अपना भाई मानती हैं। इसलिए उन्होंने शर्लिन के आरोपों को पूरी तरह झूठा करार दिया था। 

पैपराजी से बातचीत में राखी सावंत ने शर्लिन के खिलाफ खूब बातें कीं। राखी द्वारा अपने बारे में की गई अभद्र टिप्पणियों को सुनकर शर्लिन को गुस्सा आ गया और वह पुलिस में शिकायत दर्ज कराने चली गई। हालांकि, शर्लिन चोपड़ा से पहले राखी सावंत ने उनके खिलाफ मुंबई पुलिस से शिकायत की थी।

राखी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के अलावा शर्लिन ने महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और पुलिस को भी एक पत्र लिखा था। इस पत्र में शर्लिन ने साजिद खान पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। राखी सावंत ने नवंबर में मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में शर्लिन चोपड़ा के खिलाफ मानहानि का मुकदमा भी दायर किया था। राखी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।