प्रभास और कृति सेनन स्टारर 'आदिपुरुष' एक बार फिर चर्चा में है। हाल ही में, फिल्म का एक नया पोस्टर जारी किया गया था, जिसमें प्रभास को भगवान श्री राम और कृति सेनन को माता सीता के रूप में दिखाया गया था। इस पोस्टर के सामने आने के बाद अब एक बार फिर 'आदिपुरुष' को लेकर विवाद शुरू हो गया है।

फिल्म के निर्देशक ओम राउत और निर्माता भूषण कुमार के साथ-साथ फिल्म के कलाकारों के खिलाफ कथित रूप से हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का मामला दर्ज किया गया है। सनातन धर्म के संत संजय दीनानाथ तिवारी ने मुंबई हाईकोर्ट के वकील आशीष राय और पंकज मिश्रा के माध्यम से मुंबई हाईकोर्ट के साकीनाका पुलिस स्टेशन में केस की शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में कहा गया है कि आदिपुरुष के निर्माताओं ने हिंदू धर्मग्रंथ रामचरितमानस के पात्रों को अनुचित पोशाक में चित्रित किया है, जिससे हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।

शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया है कि रामायण के सभी पात्रों ने जनेऊ पहनी थी, जिसका हिंदी सनातन धर्म में विशेष महत्व है। लेकिन पोस्टर में किसी भी पात्र ने न तो जनेऊ पहना है। तो वहीं माता सीता का किरदार निभा रहीं कृति सेनन ने सिंदूर नहीं लगाया।