ट्विटर पर क्यों ट्रेंड हो रहा है पाकिस्तानी शो मुझे प्यार हुआ था? सोशल मीडिया एक ऐसी जगह है, जहां कुछ ना कुछ ट्रेंड होता रहता है। इस समय ट्विटर पर पाकिस्तानी सीरीज मुझे प्यार हुआ था की बहुत ज्यादा चर्चा हो रही है। ये शो क्यों सुर्खियों में है ? ये तो हम आपको बताएंगे, लेकिन इससे पहले इस शो के बारे में जान लें कि इसमें फेमस एक्ट्रेस हानिया आमिर, वहाज अली और जावियार नोमान लीड रोल में हैं।
हानिया इंडिया में काफी पॉप्युलर हो चुकी हैं। उनकी खूबसूरती पर सब फिदा हैं। खासतौर पर तब, जब उन्होंने दोस्त की शादी में आरआरआर फिल्म के गाने नाटू-नाटू पर धमाकेदार परफॉर्मेंस दी थी।
दिसंबर में मुझे प्यार हुआ टेलीकास्ट हुआ था। इसे बाबर महमूद ने डायरेक्ट किया है। इसमें हानिया आमिर ने माहीर, जावियार नोमान ने अब और वहाज अली ने साद का किरदार निभाया है। इस शो की कहानी लव ट्रायएंगल पर बेस्ड है।
माहीर और साद रिश्ते में कजन भाई-बहन हैं। साद को बचपन से ही माहीर से बेशुमार मोहब्बत होती है। साद की मां ने बचपन में ही माहीर संग उसका निकाह तय कर दिया था, लेकिन माहीर को साद से कभी प्यार नहीं था और माहीर की मां भी इस रिश्ते से राजी नहीं थीं। माहीर को बस साद की आदत होती है और दोनों टॉम एंड जैरी की तरह हर समय लड़ते-झगड़ते रहते हैं।