बालीवुड अभिनेता शाह रुख खान रविवार देर रात मां वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे। रविवार को शाहरुख को मां वैष्णो के दरबार में देखा गया था। शाहरुख की फिल्म पठान अगले माह रिलीज हो रही है। वहीं दूसरी ओर अब सोशल मीडिया पर शाहरुख को ट्रोल किया जाने लगा है।

शाहरुख की फ़िल्म पठान के बायकॉट की कवायदें भी शुरु हो गई हैं। शाहरुख खान ने हाल ही में मां वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन किए। अब उनकी एक फोटो भी सामने आई है, जिसमें वह माथे पर टीका लगाए नजर आ रहे हैं। कहा जा रहा है कि शाहरुख की ये तस्वीर वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद की है।

इन तस्वीरों में शाहरुख फैन्स के साथ पोज देते नजर आ रहे हैं। इस दौरान वह ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों और टोपी में नजर आ रहे हैं। अब इस फोटो को देखने के बाद जहां कुछ लोग शाहरुख की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि शाहरुख सच्चे भारतीय हैं। वे सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। साथ ही कुछ लोग उन्हें ट्रोल भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि वह अपनी अपकमिंग फिल्म 'पठान' के प्रमोशन के चलते हिंदू होने का नाटक कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर शाहरुख को इसके लिए जमकर ट्रोल किया जा रहा है। यूजर्स का कहना है, कि “फिल्म रिलीज होने वाली है तो पठान वैष्णोदेवी पहुंच गए। आपको फिर से याद दिला दूं कि पठान में दीपिका भी है जो पाकिस्तान से आने वाले हिन्दू,सिख और ईसाइयों को नागरिकता देने का विरोध कर रही थी और हां 2-300 रु का टिकिट खरीदने से तो अच्छा है कि इससे किसी भूखे को भोजन करवा दिया जाए।”

शाहरुख खान ने रविवार 11 दिसंबर को वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे थे। कहा जा रहा है कि वे अपनी अपकमिंग फिल्म पठान की सफलता के लिए प्रार्थना करने के लिए वैष्णो देवी पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ था। लेकिन सामने आए वीडियो में शाहरुख का चेहरा नहीं दिख रहा था।

वहीं उनकी फ़िल्म पठान का पहला गाना बेशरम रंग भी विवादों फंसता नज़र आ रहा है। सोशल मीडिया पर भगवा बिकनी पहनने के लिए इसका जमकर विरोध किया जा रहा है।
कुछ दिनों पहले शाहरुख खान फिल्म डंकी की शूटिंग पूरी करने के बाद मक्का पहुंचे थे। शाहरुख ने वहां इस्लामिक तीर्थयात्रा उमराह किया था। इस दौरान वे सफेद कपड़ों में नजर आए थे।

पठान की बात करें तो यह फिल्म 25 जनवरी 2023 को रिलीज होने जा रही है। सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु में रिलीज होगी। इस फिल्म में शाहरुख और दीपिका के साथ जॉन अब्राहम भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उन्हें आखिरी बार चार साल पहले 2018 में आई फिल्म जीरो में देखा गया था। इस बीच, वह ब्रह्मास्त्र और रॉकेटरी जैसी फिल्मों में कैमियो करते दिखाई दिए थे।