टॉलिवुड एक्ट्रेस पूजा हेगड़े इन दिनों फिल्म किसी का भाई किसी की जान के प्रमोशन में बिजी हैं। इस फिल्म में वह सलमान के अपोजिट नजर आएंगी। सलमान के साथ काम करने के अपने अनुभव को लेकर पूजा ने एक इंटरव्यू में खुलकर बात की। साथ ही पूजा हेगड़े ने बेहद बोल्ड तरीके से उन सभी रियूमर पर भी रिएक्ट किया, जिसमें कहा जा रहा था कि पूजा हेगड़े और सलमान खान डेट कर रहे हैं।

पूजा ने साफ किया कि ये सब महज अफवाहें हैं, ऐसा कुछ नहीं है। एक्ट्रेस ने कहा कि जितने मुंह उतनी बातें। अब क्या ही कह सकते हैं। वहीं पूजा ने ये भी खुलासा किया कि फिल्म उन्हें लॉकडाउन से पहले ही मिल चुकी थी। सलमान खान ने तो 7 साल पहले ही कह दिया था कि हम जल्द ही एक साथ काम करेंगे। उन्होंने अपने और सलमान खान के अफेयर की खबरों पर रिएक्ट किया।

उनसे जब पूछा गया कि इन गॉसिप्स में कितनी सच्चाई है तो वह कहती हैं, अब मैं क्या ही हूं। मैंने भी अपने बारे में ये खबरें पढ़ी हैं। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। मैं सिंगल हूं। मुझे खुद से प्यार है। फिलहाल मैं अपने करियर पर पूरी तरह फोकस कर रही हूं। मैं शहर दर शहर काम करना चाहती हूं। रही बात ऐसी अफवाहों की तो मैं इस पर कुछ नहीं कहूंगी। क्योंकि इनका कोई सिर पैर नहीं है।

पूजा हेगड़े ने फिल्म में सलमान खान के साथ काम करने के एक्सपीरियंस को भी साझा किया। उन्होंने कहा, फिल्म मेरे पास लॉकडाउन से पहले आई थी। हालांकि तब इसका टाइटल अलग था। पहले साजिद नाडियाडवाला भी इस फिल्म का हिस्सा थे। मैंने उनके साथ पहले भी काम किया है। पूजा ने आगे कहा, 2016 में मेरी फिल्म मोहनजोदड़ो में मेरा काम देखकर सलमान सर ने कहा था कि हम जल्द ही एक साथ काम करेंगे।