फ़िल्म आदिपुरुष का देशभर में विरोध हो रहा है। फिल्म के डायलॉग्स, थींम और VFX को लेकर विवाद जारी है। मध्यप्रदेश समेत देशभर में फिल्म को लेकर विरोध भारी नाराजगी देखी जा रही है। प्रदेश के जबलपुर और इंदौर शहर में फ़िल्म के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

इसी के चलते इंदौर और जबलपुर में गीतकार मनोज मुंतशिर के पोस्टर तक जलाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ये साफ तौर पर देखा जा सकता है, कि किस तरह से हिंदू संगठन के लोगों द्वारा फिल्म से जुड़े कलाकारों के ख़िलाफ नारेबाजी की जा रही है और जय श्रीराम के नारे लगाए जा रहे हैं।

वहीं मुंबई के नालासोपारा में एक हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने रविवार शाम फिल्म की स्क्रीनिंग रोक दी। हिंदू संगठन के कार्यकर्ता फिल्म की स्क्रीनिंग रोकने के लिए मुंबई के नालासोपारा इलाके के कैपिटल मॉल पहुंचे। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने थियेटर पहुंचकर नारेबाजी की और दर्शकों से हॉल से जाने को कहा। इसके बाद शो रद्द कर दिया गया।

वहीं छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार शाम हिंदू संगठनों ने रैली निकाली। बिलासपुर में रविवार की शाम हिंदू संगठनों ने रैली निकाली और मैग्नेटो मॉल में प्रदर्शन कर हनुमान चालीसा का पाठ किया। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग भी की, लेकिन वे बैरिकेडिंग तोड़कर मॉल में घुस गए। इसके बाद हॉल के सामने बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर हटा दिया।

इधर, विवाद के बाद फिल्म निर्माताओं ने विवादित संवाद को लेकर बढ़ते विरोध को देखते हुए फिल्म के संवाद को बदलने का फैसला किया है। फिल्म के लेखक मनोज मुंतशिर ने रविवार को फिल्म को स्पष्ट करने के लिए ट्वीट किया और बाद में कहा कि इस सप्ताह फिल्म से विवादित संवाद हटा दिए जाएंगे। आदिपुरुष को रामायण से प्रेरित बताया जाता है, लेकिन उनके संवादों पर विवाद के बाद निर्माताओं ने उन्हें हटाने के लिए कहा है।