तेलुगू फिल्म निर्माण कंपनी मैथ्री फिल्म्स के निर्माताओं के घर पर आयकर विभाग ने छापा मारा है। यलमंचिली रविशंकर, नवीन अरनेनी और चेरुकुरी के कार्यालयों और घरों सहित 15 स्थानों पर पिछले कई घंटों के दौरान ये छापेमारी की गई है। 

आयकर विभाग ने सोमवार को ब्लॉकबस्टर फिल्म पुष्पा फिल्म्स बनाने वाली तेलुगू प्रोडक्शन कंपनी मैथ्री के कई ठिकानों पर छापेमारी की। आईटी अधिकारियों को शक है कि कुछ एनआरआई ने भी इस प्रोडक्शन कंपनी में निवेश किया है।

इसी शक के आधार पर आयकर विभाग ने कंपनी के तीन मालिकों यलमंचिली रविशंकर, नवीन अरनेनी और चेरुकुरी मोहन सहित 15 ठिकानों पर छापेमारी की, जो शाम तक जारी रही। रंगस्थलम और पुष्पा सहित श्रीमंथुडु जैसी दक्षिणी ब्लॉकबस्टर मैथ्री फिल्म प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाई गई हैं।


रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईटी टीम के अधिकारी अलग-अलग राज्यों से हैदराबाद पहुंचे। अधिकारी सोमवार सुबह मैथ्री फिल्म्स के दफ्तर पहुंचे और छापेमारी शुरू की। छापेमारी को लेकर आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो अधिकारियों को शक है कि मैथ्री फिल्म निर्माण में विदेशी फंडिंग हुई है।

मैथ्री प्रोडक्शन्स के बैनर तले कई बड़ी फिल्मों का निर्माण किया गया है। मैथ्री प्रोडक्शन ने हाल ही में चिरंजीवी, बालकृष्ण, पवन कल्याण जैसे कई अभिनेताओं को मोटी फीस देकर कई बड़े प्रोजेक्ट साइन किए हैं। साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण की फिल्म उस्ताद भी इसी बैनर तले 2023 में रिलीज होने जा रही है।

पुष्पा द राइज को दिसंबर 2021 में मैथ्री मूवी मेकर्स के बैनर तले ही रिलीज किया गया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। पुष्पा ने दुनियाभर में 350 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था।

फिल्म को मूल रूप से तेलुगु में शूट किया गया था और बाद में हिंदी सहित अन्य भाषाओं में डब किया गया था। सुकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अल्लू अर्जुन, रश्मिका मंदाना और फहद फासिल मुख्य भूमिकाओं में थे।

इस कंपनी ने पुष्पा, रंगस्थलम, श्रीमंथुडु जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में बनाई हैं।