15 साल की उम्र में हीरोइन बनीं डिंपल कपाड़यिा 66 साल की हो चुकी हैं। 1972 की फिल्म बॉबी से हिंदी सिनेमा में कदम रखने वालीं डिंपल का अभिनय इतना दमदार है कि 66 साल की उम्र में भी उन्हें सास बहू और फ्लैमिंगो जैसी सीरीज की कमान थमा दी जाती है। डिंपल का शुरुआती सफर एडवेंचर से भरा रहा था।
14 साल में राज कपूर ने पहली फिल्म दी, 15 साल में ऋषि कपूर से रिश्ते की अफवाह उड़ी, उसी समय भारत के पहले सुपरस्टार और उनके फेवरेट एक्टर राजेश खन्ना ने शादी के लिए प्रपोज किया और पहली फिल्म की रिलीज से पहले ही उनकी शादी हो गई। 16 साल में शादी की और 17 साल में मां बनीं। लेकिन तेज रफ्तार में चल रही इस जिंदगी में ब्रेक तब लगा जब सुपरस्टार पति के लिए करियर कुर्बान करना पड़ा।
कभी नामी फिल्ममेकर की फिल्में ठुकराने वाली डिंपल को 10 साल बाद कमबैक के लिए कई दफ्तरों के चक्कर काटने पड़े। 8 जून 1957 को डिंपल का जन्म गुजराती बिजनेसमैन चुन्नी भाई और बिट्टी के घर हुआ।
पिता नामी बिजनेसमैन थे तो उनका उठना-बैठना फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के साथ था। इंडस्ट्री की चर्चा जब घर में होने लगी तो डिंपल ने भी एक्टिंग में करियर बनाने की ठान ली। डिंपल कम उम्र से ही मैच्योर थीं, जिन्हें खुद से बड़ी उम्र के लोगों से दोस्ती करना पसंद था।