एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'छतरीवाली' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। ये फिल्म सेक्स एजुकेशन की थीम पर आधारित है। ट्रेलर में देखा जा सकता है कि रकुल एक गंभीर विषय को बड़े ही चुटीले अंदाज में हिट करती नजर आएंगी।
बता दें कि तेजस प्रभा विजय देओस्कर द्वारा निर्देशित यह फिल्म ओटीटी पर रिलीज़ होगी। इसे जी-5 पर देखा जा सकता है। फिल्म में रकुल के अलावा सुमित व्यास, सतीश कौशिक, डॉली अहलूवालिया, राजेश तैलंग, प्राची शाह पंड्या और रीवा अरोड़ा भी अहम किरदारों में हैं।
भारतीय समाज में लोग सेक्स और सेक्स एजुकेशन दोनों के बारे में बात करने से झिझकते हैं। यहां तक कि स्कूलों में भी जीव विज्ञान के पाठ्यक्रम के दौरान रिप्रोडक्शन का चैप्टर ज्यादातर पढ़ाया ही नहीं जाता है। क्या शिक्षक इसे पढ़ाने में असहज महसूस करते हैं, या क्या पाठ को ही अनावश्यक माना जाता है, यह आज तक बहुत शोध का विषय प्रतीत होता है। 'छतरीवाली' के ट्रेलर में इसे बखूबी दिखाया गया है।
रकुल की फिल्म शारीरिक संबंधों के दौरान पुरुषों की बेरुखी को बखूबी दिखाती है। इस मामले में यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि महिलाओं को कितनी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और हो सकता है।
'अगर वो प्यासा है तो हम हैं कुआ। प्यासे को कुएं के पास आने दो, लेकिन कुएं की शर्त पर।' ट्रेलर में इसी तरह के कई बेहतरीन डायलॉग्स हैं। इसके साथ ही ट्रेलर में रकुल प्रीत सिंह सेक्स एजुकेशन से जुड़े सवालों को परीक्षा के पेपर में ऑप्शनल की जगह अनिवार्य करने की लड़ाई भी लड़ती नजर आ रही हैं।
ट्रेलर में सामाजिक ढांचे और शिक्षा व्यवस्था की हकीकत दिखाने की कोशिश की गई है। ट्रेलर देखकर फिल्म को लेकर उत्सुकता जग जाती है। आपको बता दें कि फिल्म में रकुल एक कंडोम फैक्ट्री में क्वालिटी कंट्रोलर की भूमिका निभाती नजर आएंगी। फिल्म 20 जनवरी 2023 को रिलीज होगी।