बॉलीवुड कपल आलिया भट्ट और रणबीर कपूर इन दिनों काफी खुश हैं। उनकी खुशी की वजह है घर आई नन्ही परी। आलिया ने इसी महीने एक खूबसूरत बेटी को जन्म दिया है। नन्ही राजकुमारी के आने से कपूर और भट्ट परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। वहीं फैंस भी इस क्यूट कपल की बेटी की एक झलक पाने के लिए बेताब हैं। जी हां अब उनका इंतजार ख़त्म होता दिखाई दे रहा है।

करीब 17 दिन बाद इस कपल ने अपनी लाडली की एक झलक फैन्स के साथ शेयर की है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी राजकुमारी के नाम का भी जिक्र किया है। इस तस्वीर को शेयर करते हुए आलिया ने बताया कि नन्ही परी का नाम उनकी दादी नीतू कपूर ने रखा है।

साथ ही आलिया ने अपनी बेटी के नाम का मतलब भी बताया। आलिया ने एक प्यारी सी फेमिली पिक शेयर की है। तस्वीर में रणबीर अपनी प्रिंसेस को गोद में लिए हैं। वो प्यार से उसके सिर पर हाथ फेरते दिख रहे हैं। वहीं आलिया रणबीर की गोद में चैन से सो रही अपनी बेटी को प्यार से देख रही हैं। आलिया ने लिखा- "राहा नाम (उनकी बुद्धिमान और अद्भुत दादी द्वारा चुना गया) के कई सुंदर अर्थ हैं।

'राहा' का अर्थ है दिव्य पथ, स्वाहिली में इसे सुख कहा जाता है, संस्कृत में राह का अर्थ परिवार या गोत्र हो सकता है, बंगाली में इसे आराम और विश्राम कहा जाता है, अरबी में इसे शांति कहा जाता है और सबसे ऊपर इसका अर्थ है खुशी, स्वतंत्रता और कल्याण। इसके नाम की तरह ही, जब आप हमारे पास आते हैं, तब से हम यह सब अनुभव करते हैं।

इसके साथ ही आलिया ने लिखा- 'राहा, हमारे परिवार में जान भरने के लिए शुक्रिया। ऐसा लगता है कि हमारा जीवन अभी शुरू हुआ है। इंडस्ट्री के दोस्तों ने आलिया के पोस्ट पर खूब प्यार बरसाया है।

बता दें कि आलिया भट्ट और रणबीर कपूर ने इसी साल 14 अप्रैल को शादी की थी। शादी के करीब 2 महीने बाद आलिया ने अपनी प्रेगनेंसी की ख़बर सोशल मीडिया पर शेयर की थी। अभी हाल ही में 6 नवंबर को आलिया ने बेटी को जन्म दिया है।