फिल्म एनीमल की सफलता के बाद एक्टर  रणबीर कपूर नए विवाद में फंस गए हैं। मामला सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो से जुड़ा है। वीडियो सामने आने के बाद रणबीर कपूर के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत होने की शिकायत दर्ज कराई गई है।

वायरल वीडियो क्रिसमस का है। वीडियो में रणबीर कपूर क्रिसमस लंच के दौरान शराब डले केक को आग लगाते नजर आए थे. साथ ही 'जय माता दी' बोलते दिखे थे। रणबीर के इस वीडियो की काफी आलोचना भी हुई थी।

अब एक्टर के खिलाफ एक एडवोकेट संजय तिवारी ने शिकायत दर्ज कराई है। संजय तिवारी का कहना है कि हिंदू धर्म में देवताओं का आह्वान करने से पहले अग्नि देवता का आह्वान किया जाता है, लेकिन रणबीर और उनके परिवार के सदस्यों ने दूसरे धर्म का त्योहार मनाते समय जानबूझकर नशीले पदार्थों का इस्तेमाल किया और "जय माता दी" का नारा लगाया।

रणबीर के इस कृत्य से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। संजय तिवारी ने पुलिस स्टेशन में रणबीप और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि मामले में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।