रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की फिल्म तू झूठी मैं मक्कार होली के मौके पर यानी 8 मार्च को थिएटर में रिलीज हुई थी। फिल्म को दर्शकों का तो खूब प्यार मिल ही रहा है, बॉक्स ऑफिस पर भी यह सही कमाई कर रही है। रणबीर और श्रद्धा ने अपनी इस फिल्म को प्रमोट करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी थी। फिल्म में लोगों को रणबीर और श्रद्धा की फ्रेश केमिस्ट्री पसंद आ रही है। इस बीच रणबीर कपूर ने फैन्स को सरप्राइज देने का फैसला किया।
वह रविवार शाम यानी 12 मार्च की शाम अचानक ही मुंबई के एक मल्टीप्लेक्स में पहुंच गए। वहां रणबीर को देख दर्शक चौंक गए और चिल्लाने लगे। किसी को भी अंदाजा नहीं था कि रणबीर अचानक वहां थिएटर में पहुंच जाएंगे और सबको सरप्राइज कर देंगे । रणबीर को देख फैन्स चिल्लाने लगे। हर कोई उनके पास आने की कोशिश करने लगा। एक झलक को बेताब फैन्स रणबीर के साथ सेल्फी खिंचवाने लगे। एक्टर ने भी उन्हें निराश नहीं किया और खूब सेल्फी क्लिक कीं और फिल्म को लेकर रिएक्शन जाना।
रणबीर कपूर का यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। भीड़ को कंट्रोल करने और रणबीर की सुरक्षा के लिए साथ सिक्यॉरिटी भी थी। मालूम हो कि तू झूठी मैं मक्कार ने रिलीज के पांच दिनों में 45.25 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। फिल्म को लव रंजन ने डायरेक्ट किया है। वहीं रणबीर की वाइफ और एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने भी हाल ही तू झूठी मैं मक्कार देखी और सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में फिल्म की खूब तारीफ की।