पिछले कुछ दिनों से बॉलीवुड सितारे उज्जैन महाकाल दर्शन करने पहुंच रहे हैं। पहले अनुष्का शर्मा पति विराट कोहली के साथ गई थीं। उनकी तमाम तस्वीरें और वीडियो सामने आए थे। इसके बाद अथिया शेट्टी और केएल राहुल गए थे। और अब एक्ट्रेस रवीना टंडन भगवान के दर पर माथा टेकने पहुंची हैं। उनकी फोटोज सामने आई है जिसमें वह पूजा करती दिखाई दे रही हैं। सोशल मीडिया पर सामने आई इन फोटोज पर लोग अपने रिएक्शन्स भी दे रहे हैं।
कुछ दिनों पहले रवीना टंडन बनारस गई थीं। वहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए थे। मां गंगा की आरती में भी शामिल हुई थीं। अब ये उज्जैन महाकाल पहुंची हैं। यहां पूजा के दौरान महाकालेश्वर मंदिर समिति की तरफ से जोरदार स्वागत हुआ यहां एक्ट्रेस ने पूरी विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर के गर्भ गृह में रवीना टंडन ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
पंडित द्वारा बताई सभी विधियों का पालन किया। साथ ही नंदी हॉल में बैठकर अभिषेक पाठ भी करवाया है। फोटोज में रवीना मंत्रोच्चारण को सुनने में लीन हैं। माथे पर तिलक भी लगाया हुआ है और गले में माला भी पहनी है। रवीना टंडन ने पूजा-अर्चना करने के बाद मीडिया से भी बात की। उन्होंने कहा कि वह अपनी नई फिल्म की सफलता चाहती हैं।