एक्ट्रेस प्रिया आहूजा ने टीवी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में रीटा रिपोर्टर का किरदार निभाया था। अपने इस किरदार के जरिए उन्होंने घर-घर में अपनी पहचान बनाई है। प्रिया ने हाल ही में इस बात का खुलासा किया है कि जब देशभर में लॉकडाउन लगा था, तब एक्ट्रेस अपने बुरे दौर से गुजर रही थीं। उस दौरान प्रिया अपनी जिंदगी खत्म करने के बारे में सोचने लगी थीं एक इंटरव्यू में प्रिया ने बताया कि लॉकडाउन ने उनके मेंटल हेल्थ पर बहुत बुरा असर डाला था। खुद के अलावा उन्हें अपने बेटे अरदास का ख्याल भी रखना था, जो पहले लॉकडाउन के दौरान कुछ महीने का ही था। 

अपने बुरे वक्त को याद करते हुए प्रिया ने कहा- जब भी मैं अपनी जिंदगी के उन दिनों के बारे में सोचती हूं, तो मेरे रोंगटे खड़े हो जाते हैं। तब अरदास कुछ महीनों का ही था और जब लॉकडाउन की अनाउंसमेंट की गई तो मुझे लगा कि यह सब कुछ दिनों में खत्म हो जाएगा, लेकिन फिर हमारे पड़ोसियों को कोविड हो गया, जिस कारण हमारा फ्लोर सीज हो गया। हम अपने घर से बिल्कुल भी बाहर नहीं निकल पा रहे थे। उसके तुरंत बाद मुझे कोविड हो गया।