सैफ अली खान और शर्मिला टैगोर 'कॉफी विद करण' के अपकमिंग एपिसोड में नजर आने वाले हैं. 'कॉफी विद करण सीजन 8' के एक और धमाकेदार एपिसोड का प्रोमो सामने आ चुका है.
करण जौहर द्वारा साझा किए गए इस शो के प्रोमो में शर्मिला टैगोर बेटे सैफ अली खान की लव लाइफ से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे करते नजर आई हैं. बॉलीवुड के गलियारों में सैफ अली खान की लव लाइफ की हमेशा से खूब चर्चा रही है. पहले 12 साल बड़ी एक्ट्रेस अमृता सिंह संग सैफ अली खान की शादी ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं और फिर 10 साल छोटी करीना कपूर संग उनका दूसरा निकाह भी ग्लैमर की दुनिया में कई साल तक चर्चा का विषय बना रहा.
छोटे नवाब की लव लाइफ से जुड़े किस्से हुए शेयर
अब करण जौहर के रियलिटी शो में शर्मिला टैगोर ने छोटे नवाब की लव लाइफ से जुड़े कुछ और ऐसे मजेदार खुलासे कर डाले हैं जिसके बारे में आप शायद ही जानते होंगे. अमृता सिंह और करीना कपूर से पहले सैफ अली खान की जिंदगी में एक और लड़की थी जिसके बारे में आप आजतक नहीं जानते होंगे.
दरअसल, शर्मिला टैगोर ने शो 'कॉफी विद करण' पर खुलासा किया कि सैफ अली खान कॉलेज के दिनों में एक एयर होस्टेस को डेट कर रहे थे और वह कॉलेज बंक कर एयर होस्टेस से मिलने जाते थे.
एक्टर मां शर्मिला से कहते हैं, 'ये थोड़ा ज्यादा बड़ा चढ़ा कर बता रही हैं. क्या हम इसलिए यहां हैं ताकि आप मेरे बारे में शर्मिंदा करने वाली ऐसी कहानियां बता सकें?' बता दें, सैफ अली खान इससे पहले सीजन 6 में बेटी सारा अली खान के साथ नजर आए थे. उस एपिसोड में सैफ और सारा अली खान ने अमृता सिंह और बेबो करीना कपूर संग अपने रिश्तों के बारे में खुलकर बात की थी.