नेटफ्लिक्स की फिल्म द आर्चीज से एक्टिंग डेब्यू करने के बाद सुहाना खान पिता शाहरुख़ खान के साथ फिल्म में नजर आने वाली हैं। फिल्म का नाम किंग होने वाला है, जो एक एक्शन थ्रिलर फिल्म होगी। फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम लगभग पूरा हो चुका है। इस फिल्म की शूटिंग जनवरी से शुरू होगी, जिसे सुजॉय घोष डायरेक्ट करने वाले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, एक्शन से भरपूर फिल्म किंग में शाहरुख खान लीड रोल में होने वाले हैं और सुहाना खान भी फिल्म में अहम किरदार निभाएंगी। फिल्म की शूटिंग जनवरी 2024 में शुरू होगी।
इसे शाहरुख खान की रेड चिलीज एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन कंपनी और सिद्धार्थ आनंद की प्रोडक्शन कंपनी मारफ्लिक्स एंटरटेनमेंट मिलकर प्रोड्यूस कर रही है। सिद्धार्थ आनंद इससे पहले शाहरुख खान के साथ फिल्म पठान में काम कर चुके हैं। फिल्म पठान, सिद्धार्थ ने ही डायरेक्ट की थी, लेकिन अब वो शाहरुख की फिल्म प्रोड्यूस करेंगे। रिपोर्ट के अनुसार, ये फिल्म भरपूर एक्शन के साथ-साथ एक इमोशनल स्टोरी भी होने वाली है, जिसकी स्क्रिप्टिंग पर फिलहाल काम चल रहा है। रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से लिखा गया है, फिल्म किंग का फ्लेवर शाहरुख खान की पठान और जवान से एकदम अलग होगा। इसका कोर प्लॉट इमोशनल है। फिल्म में कई सारे ट्विस्ट एंड टर्न होने वाले हैं, यही कारण है कि सुजॉय घोष ने फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी ली है।
बताते चलें कि सुजॉय घोष सुपरहिट फिल्म कहानी, कहानी 2, बदला जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में नेटफ्लिक्स पर आई थ्रिलर फिल्म जाने जा भी सुजॉय ने ही डायरेक्ट की थी, जिसमें करीना कपूर, विजय वर्मा और जयदीप अहलावत लीड रोल में थे। सुहाना खान ने नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म द आर्चीज से एक्टिंग करियर की शुरुआत की है।