शाहरुख खान की डंकी शुक्रवार को रिलीज हो चुकी है। यह इस साल शाहरुख खान की रिलीज होने वाली तीसरी फिल्म है। इससे पहले आई पठान और जवान बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हो चुकी हैं।
डंकी में शाहरुख खान, तापसी पन्नू विक्की कौशल और बोमन ईरानी जैसे सितारे हैं। हाल ही में इसका टीजर जारी किया गया था, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया था।
फिलहाल, डंकी की टीम इन दिनों फिल्म का अलग अंदाज में प्रचार कर रही है। हाल ही में रेड चिलीज की ओर से डंकी डायरीज नाम का एक वीडियो शेयर किया गया। इसमें राजकुमार हिरानी फिल्म से जुड़ी कई दिलचस्प बातें बताते नजर आए।
हिरानी को ऐसे मिला फिल्म का आइडिया
इस दौरान हिरानी ने दिलचस्प कहानी साझा की है कि कैसे जालंधर में एक घर की वजह से उन्हें फिल्म बनाने का आइडिया आया। वीडियो में शाहरुख ने हिरानी को एक घर की तस्वीर दिखाई, इसकी छत पर एक सीमेंट का हवाई जहाज नजर आ रहा था। इस बारे में बताते हुए हिरानी ने कहा पंजाब के जालंधर के आसपास स्थित ऐसे घर यह दर्शाते हैं कि परिवार से एक या एक से अधिक व्यक्ति विदेश में जा चुका है। हवाई जहाज इस गर्व का प्रतीक है कि हमारे परिवार का सदस्य विदेश में है।
वीडियो में शाहरुख ने एक और तस्वीर दिखाई, जिसमें उसी घर के सामने हिरानी भी नजर आए। हिरानी ने बताया कि यह तस्वीर तब ली गई थी जब हमने फिल्म डंकी बनाने का फैसला किया था और शोध के लिए घर का दौरा किया था। यही वह समय था जब निर्देशक को पता चला कि हवाई जहाज क्या दर्शाता है।