फिल्म अभिनेता व सामाजिक कार्य में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने वाले सोनू सूद को नॉर्दन रेलवे ने ट्रेन के पायदान पर बैठकर यात्रा करने पर समझाइश दी है। रेलवे ने कहा कि ये खतरनाक हो सकता है। प्लीज ऐसा न करें, क्योंकि लोगों के बीच इसका गलत संदेश जाएगा।
अब इस पर सोनू सूद का जवाब आया है, सोनू ने इसके लिए माफी मांगते हुए इमोशनल बात लिखी है। सोनू ने रेलवे को लिखा- “क्षमा प्रार्थी बस यूँ ही बैठ गया था देखने, कैसा महसूस करते होंगे वो लाखों ग़रीब जिनकी ज़िंदगी अभी भी ट्रेन के दरवाज़ों पे गुज़रती है। धन्यवाद इस संदेश के लिए और देश की रेल व्यवस्था बेहतर करने के लिए।”
दरअसल, सोनू सूद ने पिछले दिनों ट्विटर और फेसबुक पर एक वीडियो शेयर किया था। इसके बैकग्राउंड में बॉलीवुड का फेमस गाना 'मुसाफिर हूँ यारों' चल रहा था और सूद ट्रेन के पायदान पर बैठे नजर आ रहे थे। रेलवे ने हाल में सूद के ट्वीट को री ट्वीट करते हुए लिखा था कि प्रिय सोनू सूद- देश और दुनिया के लाखों लोगों के लिए आप एक रोल-मॉडल हैं।ट्रेन के पायदान पर बैठकर यात्रा करना खतरनाक है, इस प्रकार की वीडियो से आपके प्रशंसकों को गलत संदेश जा सकता है। प्लीज ऐसा न करें। सुगम और सुरक्षित यात्रा का आनंद उठाएं।
सोनू के वीडियो को ट्विटर पर अब तक 6 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा है। सैकड़ों लोगों ने रीट्वीट किया है। फेसबुक पर भी लगभग 2 लाख से ज्यादा लोगों ने वीडियो देखा है और 4 हजार से अधिक लोगों ने कमेंट किया है। कुछ लोगों ने कमेंट में उन्हें सावधान रहने की बात कही। ज्ञात हो कि सूद ने कोरोनाकाल में लोगों की सेवा करके काफी मशहूर हुए हैं वे अपने ग्रुप के माध्यम से लगातार लोगों की मदद करने में अब भी जुटे हुए हैं।