200 करोड़ के धोखाधड़ी मामले में जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को पत्र लिखकर उन्हें होली की बधाई दी है। इस लेटर में उन्होंने लिखा- सबसे शानदार, लाजवाब और खूबसूरत इंसान जैकलीन को मेरी ओर से होली की शुभकामनाएं। रंगों के इस त्योहार पर मैं वादा करता हूं कि फीका या गायब रंग आपके पास 100 गुना वापस आएगा।

सुकेश ने लिखा, 'सबसे पहले मैं मीडिया के दोस्तों को उनके सपोर्ट और हमेशा अपनी बात को आगे रखने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।' इसके बाद जैकलीन को लिखा- बेबी गर्ल तुम्हें पता है मैं तुम्हारे लिए किसी भी हद तक जाऊंगा। आई लव यू बेबी, मुस्कुराते रहो। आप अच्छी तरह जानते हैं कि आप मेरे लिए क्या और कितना मायने रखते हैं। लव यू माय प्रिंसेस माय बी, माय बोम्मा, माय लव, माय जैकी - आई मिस यू सो मच।

दुश्मनों को भी दी बधाई, पत्र में मंडोली जेल का पता लिखा

सुकेश ने परिवार, समर्थकों, दोस्तों, नफरत करने वालों, दुश्मनों और उनकी कानूनी टीम को होली की शुभकामनाएं दीं। सुकेश ने यह पत्र अपने अधिवक्ता के माध्यम से भेजा है। जिसमें उन्होंने मंडोली जेल का पता लिखा है। सुकेश ने इससे पहले जैकलीन को वैलेंटाइन डे पर विश किया था।

सुकेश चंद्रशेखर कर्नाटक के बेंगलुरु के रहने वाले हैं। कहा जाता है कि उसने 17 साल की उम्र में ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए लोगों को ठगना शुरू कर दिया था। बेंगलुरु में घोटाले के बाद उसने चेन्नई और अन्य शहरों में भी लोगों को निशाना बनाया। शीर्ष राजनेताओं, व्यापारियों से लेकर बॉलीवुड हस्तियों को निशाना बनाया गया है।

सुकेश हाई-प्रोफाइल लोगों को बुलाता था और खुद को एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी बताता था। 2007 में, उसने एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी होने का दावा करते हुए बैंगलोर विकास प्राधिकरण में नौकरी के बदले 100 से अधिक लोगों को धोखा दिया। इस मामले में सुकेश को गिरफ्तार भी किया गया था। वह इस समय मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में दिल्ली की मंडोली जेल में बंद है।