जल्द ही डायरेक्टर नितेश तिवारी भी हिंदू महाकाव्य रामायण पर फिल्म बनाने जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म में नितेश तिवारी ने सीता के रोल के लिए तमिल एक्ट्रेस साई पल्लवी को कास्ट करने का फैसला लिया है। एक्ट्रेस इस फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं। फिल्म को नितेश तिवारी के साथ रवि उद्यावर को- डायरेक्ट करेंगे। वहीं, राम के किरदार में रणबीर कपूर को कास्ट किए जाने की बात सामने आ रही है। 

सीता के रोल के लिए साई पल्लवी का लुक टेस्ट नवंबर में किया जाना है। इससे पहले दीपिका पादुकोण और फिर आलिया भट्ट को मां सीता के रोल के लिए कास्ट करने की बात सामने आई थी। हालांकि, डायरेक्टर ने कभी भी आलिया भट्ट को ये रोल ऑफर नहीं किया था।

मां सीता के रोल के लिए साई ही डायरेक्टर की पहली पसंद है और जब तक लुक टेस्ट नहीं हो जाता, तब तक कास्टिंग में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। साई पल्लवी ने 2005 में तमिल फिल्म कस्तूरी मान से डेब्यू किया था। फिल्म में रणबीर कपूर राम के किरदार में नजर आएंगे। 

वहीं, रावण के रोल के लिए एक्टर नवीन कुमार गौड़ा के लुक टेस्ट की बात सामने आई है। हालांकि, अब तक इस रोल के लिए लीड एक्टर के नाम की पुष्टि नहीं हुई है। बीते दिनों ये खबर आई थी कि डायरेक्टर ने रावण के रोल में एक्टर यश उर्फ नवीन कुमार गौड़ा को चुना है लेकिन यश ने नेगेटिव रोल करने से मना कर दिया। इससे पहले ऋतिक रोशन को रावण के रोल में कास्ट किए जाने की बात भी सामने आ रही थी।