दिल्ली के प्रगति मैदान में 9-10 सितंबर के बीच जी 20 बैठक होने जा रही है। इस बैठक के डिनर में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति भवन से एक इन्विटेशन कार्ड भेजा गया है, जिसमें प्रेसीडेंट ऑफ इंडिया की जगह प्रेसीडेंट ऑफ भारत लिखने पर विवाद छिड़ गया। विपक्षी दलों का कहना है कि केंद्र सरकार देश का नाम इंडिया से बदलकर भारत करना चाहती है। ऐसे में बॉलीवुड एक्टर जैकी श्रॉफ ने इस पर अपना रिएक्शन दिया है।
जैकी श्राफ दिल्ली के एक कार्यक्रम में शामिल हुए। जहां उनसे नाम बदलने को लेकर उनकी राय पूछी गई। जैकी ने कहा- भारत बोलना कोई बुरी बात तो नहीं है। इंडिया है तो इंडिया है, भारत है तो इंडिया है। मेरा नाम जैकी है, मुझे कोई जॉकी बोलता है, कोई जैकी बोलता है। मेरे नाम को इतना तोड़ देते हैं पर मैं नहीं बदलूंगा। हम कैसे बदलेंगे ? नाम बदलेंगे हम थोड़ी बदलेंगे। भारत भारत है।
देश का नाम भारत होना चाहिए: कंगना
वहीं देश का आधिकारिक नाम इंडिया से भारत किए जाने के कयासों के बीच एक्ट्रेस कंगना रनोट ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कंगना ने बताया कि उन्होंने 2021 में इस बात का अनुमान लगा लिया था कि जल्द ही देश नाम बदलकर इंडिया से भारत होना चाहिए।
कंगना ने ट्विटर पर अपने पुराने इंटरव्यू का स्क्रीनशॉट शेयर किया है, जिसमें दो साल पहले उन्होंने देश का नाम बदलने की इच्छा जाहिर की थी। उन्होंने कहा - 'हमें इंडिया नाम अंग्रेजों से मिला है, इसलिए देश का नाम भारत होना चाहिए। अपना पुराना ट्वीट शेयर करते हुए कंगना ने लिखा-'सभी को बधाइयां, हम सभी गुलामी के नाम से आजाद हो गए जय भारत।'