शाहरुख खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'डंकी' रिलीज से बस कुछ ही दिन दूर है। फिल्म 'डंकी' की रिलीज का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच शाहरुख खान की फिल्म 'डंकी' को लेकर एक नई अपडेट सामने आई है, वो ये है कि फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) से मंजूरी मिल गई है।

ट्रेड एनालिस्ट गिरीश जौहर के मुताबिक, शाहरुख खान की 'डिंकी' केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से यू/ए सर्टिफिकेट के साथ पास हो गई है। इसके साथ ही फिल्म के रनटाइम की भी घोषणा कर दी गई है। 'डंकी' का रनटाइम 2 घंटे 41 मिनट का होगा। मालूम हो कि 'डंकी' की एडवांस बुकिंग शुरू होने से पहले ही मेकर्स ने फिल्म को सर्टिफिकेशन के लिए सीबीएफसी बोर्ड के पास भेज दिया था।

दिलचस्प बात यह है कि साउथ सुपरस्टार प्रभास की सालार का शाहरुख खान की फ़िल्म डंकी से सामना होगा। दोनों फिल्में 21 दिसंबर 2023 को एक साथ सिनेमाघरों में रिलीज हो रही हैं। कहा जा रहा था कि 'सालार' के मेकर्स फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ा सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब देखना यह है कि कौन सी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने में कामयाब होती है।

शाहरुख खान की फिल्म 'डंकी' का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया है। ये दोनों की एक साथ पहली फिल्म है। हालांकि, इससे पहले राजुकमार ने अपनी कई फिल्मों के लिए शाहरुख खान को अप्रोच किया था, लेकिन बात नहीं बन पाई। शाहरुख खान की फिल्म डंकी में विक्की कौशल और तापसी पन्नू भी अहम किरदार में नजर आएंगे। वहीं, बोमन ईरानी, विक्रम कोचर और अनिल ग्रोवर भी फिल्म का हिस्सा हैं। 'डंकी' का निर्माण राजकुमार हिरानी और गौरी खान ने संयुक्त रूप से किया है।