सुपरस्टार रजनीकांत आज 12 दिसंबर को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। दक्षिण से लेकर बॉलीवुड तक रजनीकांत के अभिनय का सिक्का चलता है। रजनीकांत की कलाकारी का ही जादू है कि फैंस उन्हें भगवान का दर्जा देते हैं। 72 साल की उम्र में भी रजनीकांत नए एक्टर्स को कड़ी टक्कर देते हैं।

बता दें कि रजनीकांत का जन्म 12 दिसंबर, 1950 को बेंगलुरू के एक मराठी परिवार में हुआ था। फिल्मों के साथ-साथ रजनीकांत अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी काफी चर्चा में रहते हैं। रजनीकांत अपनी पत्नी लता रजनीकांत के साथ सुखी वैवाहिक जीवन बिता रहे हैं। लता के साथ उनकी लव स्टोरी काफी दिलचस्प है। हालांकि, लता से पहले रजनीकांत का दिल एक और युवती पर आया था, लेकिन बात बन नहीं पाई।

रजनीकांत ने कामयाबी यूं ही हासिल नहीं की है। इस शिखर तक पहुंचने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की। एक वक्त ऐसा भी था, जब रजनीकांत किसी से शादी करना चाहते थे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक लड़की ने रजनीकांत का दिल बुरी तरह दिल तोड़ दिया था।

पत्नी लता से पहले रजनीकांत की जिंदगी में एक और युवती आई थी, जिससे वह बेइंतहा मोहब्बत करते थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉ. गायत्री श्रीकांत ने रजनीकांत की बायोग्राफी लिखी है, जिसका टाइटल है- द नेम इज रजनीकांत। इसमें उस किस्से का जिक्र है। इस किताब में खुलासा किया गया है कि रजनीकांत जब बेंगलुरू में कंडक्टर के तौर पर काम करते थे, तब उनका दिल एक लड़की पर आया था। वह उस लड़की से शादी करना चाहते थे, लेकिन ऐसा हो न सका।