फिल्म 'द आर्चीज' के बाद निर्देशक जोया अख्तर अपनी अगली फिल्म 'खो गए हम कहां' की रिलीज के लिए तैयार हैं। हालांकि, वह इससे बतौर निर्माता और लेखक जुड़ी हैं। फिल्म में अनन्या पांडे, सिद्धांत चतुर्वेदी और आदर्श गौरव नजर आएंगे। इसका ट्रेलर रिलीज हो चुका है। पूरी फिल्म इन्हीं तीन दोस्तों की दोस्ती के इर्द-गिर्द बुनी गई है। 

ट्रेलर में सिद्धांत दूसरों की जिंदगी में तांक-झांक न करने का सुझाव देते दिख रहे हैं, वहीं इसमें कल्कि कोचलिन के साथ उनका रोमांस भी देखने को मिल रहा है। 'खो गए हम कहां' अर्जुन वरैन सिंह के निर्देशन में बन रही है। जोया ने रीमा कागती के साथ मिलकर यह फिल्म लिखी है। फिल्म 26 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। फरहान अख्तर और रितेश सिद्धवानी इस फिल्म के सह-निर्माता हैं। वर्कफ्रंट पर अनन्या आगे विक्रमादित्य मोटवानी के साथ उनकी साइबर थ्रिलर फिल्म 'कंट्रोल' में नजर आने वाली हैं।