एक्ट्रेस जिया खान के सुसाइड केस में फैसला आ गया है। आरोपी सूरज पंचोली मुंबई में सीबीआई की विशेष अदालत ने जिया खान मामले में सभी आरोपों से बरी कर दिया है। जिया ने 3 जून 2013 को मुंबई में अपने फ्लैट पर आत्महत्या कर ली थी। जिया की मां की शिकायत के आधार पर उनके बॉयफ्रेंड सूरज पंचोली को गिरफ्तार किया गया था।

अब घटना के 10 साल बाद मामले में फैसला सुनाया गाया है, जिसमें आरोपी सूरज पंचोली सभी आरोपों से बरी हो गए हैं। बताया जा रहा है, कि जिया की मां इस फैसले से नाखुश हैं, वे अब इस फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती देंगी। 

पुलिस को जिया के घर से 6 पेज का सुसाइड नोट भी मिला था। इसके मुताबिक जिया सूरज के साथ अपने तनावपूर्ण संबंधों को लेकर काफी परेशान थीं। रिलेशन टूटने का आभास हुआ था। इसके बाद जिया की मां राबिया खान ने सूरज के खिलाफ केस दर्ज कराया था।

सूरज की मां और एक्ट्रेस जरीना वहाब ने कहा था, 'मैं अपने बेटे के साथ कोर्ट में पेश होऊंगी। ये 10 साल मेरे बेटे के लिए नर्क थे। मुझे उसका दर्द हर बार महसूस होता है जब वह मुझे देखता है। मैं जानती हूं कि वह निर्दोष है, लेकिन मैं कुछ नहीं कर सकती। लेकिन मुझे अब भी ऊपर वाले पर पूरा भरोसा है।

जिया खान ने अपनी डेब्यू फिल्म में अमिताभ बच्चन के साथ काम किया था। राम गोपाल वर्मा द्वारा निर्देशित इस फिल्म का नाम निशब्द था। इसके बाद उन्होंने आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म गजनी में काम किया। उनकी आखिरी फिल्म अक्षय कुमार स्टारर हाउसफुल थी। गजनी और हाउसफुल दोनों ने ही 100 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया था।