कभी ऐश्वर्या राय के साथ रिलेशनशिप में रह चुके विवेक ओबेरॉय अब इस रिश्ते के बारे में बात नहीं करना चाहते हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में विवेक से ऐश्वर्या के साथ उनके रिश्ते के बारे में पूछा गया, जिसका विवेक ने कोई भी जवाब देने से इनकार कर दिया। क्योंकि विवेक की जिंदगी का वो चैप्टर पूरी तरह से क्लोज़ हो चुका है।

विवेक ने एक इंटरव्यू दिया था। इस दौरान विवेक से पूछा गया- अगर उन्होंने अपने करियर में पहले एक्स गर्लफ्रेंड ऐश्वर्या राय के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक नहीं किया होता तो क्या होता? इस सवाल का विवेक ने कोई जवाब देने से इनकार कर दिया। विवेक ने कहा- 'मैं इस सवाल का जवाब नहीं दूंगा, क्योंकि मेरी जिंदगी का वो दौर अब खत्म हो चुका है।'

दरअसल विवेक और ऐश्वर्या एक दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे, लेकिन वह रिश्ता ज्यादा दिन नहीं चल पाया। ऐश्वर्या के एक्स बॉयफ्रेंड सलमान खान से दुश्मनी के कारण वह दौर विवेक के लिए मुश्किलों भरा था। ऐश्वर्या के साथ उनकी लव लाइफ और विवाद ने विवेक के फिल्मी करियर को भी प्रभावित किया। शायद यही वजह है कि आज भी वे ऐश्वर्या के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात करने से बचते हैं।

इंटरव्यू में विवेक से पूछा गया कि ऐश्वर्या से रिश्ता खत्म होने के बाद उन्होंने अपनी निजी जिंदगी के बारे में कभी बात क्यों नहीं की। इसके जवाब में विवेक ने कहा- मुझे लगता है कि अगर आप नहीं चाहते कि लोग आपकी पर्सनल लाइफ के बारे में चर्चा करें या बात करें तो आपको इसके बारे में पब्लिक में बात करने से बचना चाहिए।

बातचीत के दौरान विवेक ने आज के युवाओं को करियर संबंधी सलाह दी। विवेक ने कहा- अगर आप यंग टैलेंट हैं तो लाइफ में एक बात हमेशा याद रखें कि अगर आप लाइफ में अपने काम के प्रति कमिटेड और फोकस्ड हैं और आप अपना काम 100% दे रहे हैं, तो मेरी एक ही सलाह है कि किसी को अपनी व्यावसायिकता पर किसी भी तरह का हमला न करने दें।