अभिनेता प्रभास की बहुचर्चित और बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आदिपुरुष' 16 जून को रिलीज हो रही है। फिल्म को लेकर जबर्दस्त क्रेज देखा जा रहा है। वहीं इस फिल्म की पहले दिन की कमाई को लेकर कई तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रभास और कृति स्टारर यह फिल्म देशभर में कुल 6200 स्क्रीन्स पर रिलीज होने जा रही है। जिसमें 4000 स्क्रीन हिंदी की ही हैं। दर्शक 2-डी और 3-डी दोनों में फिल्म का लुत्फ उठा सकेंगे।

एडवांस बुकिंग की बात करें तो एक रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म के अब तक करीब 3.50 लाख टिकट बिक चुके हैं। सभी भाषाओं को मिलाकर ये आंकड़े सामने आए हैं। इस हिसाब से अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म सिर्फ हिंदी वर्जन में ही पहले दिन 25-30 करोड़ की कमाई कर सकती है।

वहीं एक रिपोर्ट के मुताबिक 'आदिपुरुष' का तेलुगु वर्जन पहले दिन 60 करोड़ की बंपर कमाई कर सकता है। यानी पहले दिन ही फिल्म 100 करोड़ के आंकड़े के करीब पहुँच सकती है, जो अपने आप में बड़ी बात होगी।

फिल्म में बाहुबली प्रभास 'भगवान राम' की भूमिका निभा रहे हैं और अभिनेत्री कृति सेनन 'सीता' की भूमिका निभा रही हैं। वहीं, सैफ अली खान रावण के रोल में नजर आएंगे। उनके साथ देवदत्त नाग हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि अभिनेता सनी सिंह लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। आपको जानकर हैरानी होगी कि इस फिल्म को करीब 500 करोड़ के बजट में बनाया गया है। यही वजह है कि फिल्म को बड़े पैमाने पर रिलीज किया जा रहा है।