भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा ने स्पोर्ट्स ब्रांड प्यूमा को जमकर खरी-खोटी सुनाई है। अनुष्का ने सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी दी है, कि कंपनी ने उनकी इजाजत के बिना उनकी तस्वीरों का इस्तेमाल किया है। इस मामले में अब विराट कोहली भी कूद पड़े हैं हालांकि, विराट इस कंपनी के ब्रांड एंबेसडर हैं। उन्होंने इस कंपनी के ब्रांड का प्रचार कर करोड़ों रुपए कमाए हैं।

बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने मंगलवार को अपनी इंस्टा स्टोरी पर अपनी एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, 'Hey @pumandia? आप भली-भांति जानते हैं कि आप बिना अनुमति के मेरे फोटो का उपयोग किसी प्रचार के लिए नहीं कर सकते। मैं आपकी ब्रांड एंबेसडर नहीं हूं। कृपया इसे शीघ्र हटायें।

विराट कोहली इस समय बांग्लादेश के दौरे पर हैं। जहां वह दो मैचों की सीरीज के दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच की तैयारियों में जुटे हुए हैं। भारत और बांग्लादेश के बीच दूसरा टेस्ट मैच गुरुवार 22 दिसंबर से मीरपुर के शेर-ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। विराट ने भी प्यूमा कंपनी से मामले को जल्द सुलझाने को भी कहा है।

'क्या कंपनी ने जानबूझकर ऐसा किया है'?

विराट कोहली ने अपनी ऑफिशियल इंस्टाग्राम स्टोरी में इस मामले को टैग करते हुए लिखा, 'प्लीज इसे जल्द सेटल करें।' सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि क्या कंपनी ने कोई नया पब्लिसिटी स्टंट अपनाया है। हालांकि इस मामले में अभी तक कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं आया है।

विराट कोहली ने 110 करोड़ रुपए की डील साइन की

विराट पिछले पांच साल से इस कंपनी के ब्रांड एंबेसडर हैं। वह 2017 से इस कंपनी से जुड़े हुए हैं। तब इस कंपनी ने दाएं हाथ के दिग्गज बल्लेबाज कोहली को 100 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। उस वक्त कोहली और प्यूमा ने 8 साल के लिए करार किया था।