मुंबई. मिस यूनिवर्स और अभिनेत्री सुष्मिता सेन की लव लाइफ इन दिनों सुर्खियों में हैं. उद्योगपति ललित मोदी के संग सुष्मिता के रोमांस की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा है और इसका मजाक भी उड़ाया ज रहा है. दोनों की रोमांटिक तस्वीरें देखकर कई लोग एक्ट्रेस के एक्स बॉयफ्रेंड रोहमन शॉल के प्रति सहानुभूति भी दिखा रहे हैं. अब रोहमन शॉल ने सुष्मिता और ललित मोदी के रोमांस के बीच प्यार को लेकर एक खास मैसेज शेयर किया है. 

रोहमन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो डाला जिसमें उन्होंने बताया कि वो ये देखकर काफी शॉक्ड हैं कि कई लोग अपनी लव लाइफ से बेहद दुखी हैं. उन्होंने फैंस को सलाह देते हुए यह कहा है कि रिलेशनशिप में अपने पार्टनर से ज्यादा उम्मीदें न रखें. उन्होंने कहा कि हम लोग ही सिर्फ खुद को खुश रख सकते हैं. 

रोहमन ने वीडियो में कहा- 
यार मैं ना #RohmanAsking के कुछेक जवाब पढ़ रहा था. ये सब प्रेम में इतने दुखी क्यों हैं. बहुत ही ज्यादा एक्सपेक्ट करते हो यार तुम लोग अपने पार्टनर से...क्यों? आपके पार्टनर के पास भी उनकी भी कई चीजें करने के लिए होती हैं. उनकी भी अपनी एक खुद की लाइफ है. अपने पार्टनर पर इतने ज्यादा डिपेंड ना हों यार. अपने आप को खुद ही खुश रखना सीखो ना. पहले खुद ही को कंप्लीट करो, फिर पार्टनर की तलाश करो. ऐसा पार्टनर मत ढूंढो जो आपको कंप्लीट कर सके, क्योंकि ये कभी सच नहीं होगा. आप समझ रहे हो?

रोहमन ने कहा- मुझे यह कॉन्सेप्ट समझ नहीं आ रहा कि कोई हमें कंप्लीट करेगा. आपको कोई और नहीं सिर्फ खुद आप ही कंप्लीट कर सकते हैं. ये बहुत ही आसान है. अपने साथ ऐसा करना बंद करो और दूसरे इंसान को दुखी मत करो. किसी ने भी ठेका नहीं लिया है यार तुम्हें खुश करने का. कोई भी दूसरा इंसान तुम्हें खुश नहीं रख सकता. खुद खुश रहो. 

सोशल मीडिया पर रोहमन शॉल का ये वीडियो वायरल हो रहा है. रोहमन को कई लोग स्ट्रॉन्ग बता रहे हैं और उनकी तारीफ भी कर रहे हैं. ललित मोदी से अफेयर से पहले सुष्मिता सेन रोहमन शॉल संग ही रिश्ते में थीं. 3 साल के रिलेशनशिप के बाद दोनों ने ब्रेकअप कर लिया था. अब ये दोनों अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं.