भोपाल: राज्य के श्रमायुक्त ने संबल 2.0 योजना के तहत शहरी एवं ग्रामीण असंगठित श्रमिकों के लंबित 40 हजार प्रकरणों में 329 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता जारी कर दी है।

इसमें अनुसूचित जाति के श्रमिकों के लिये 52 करोड़ 80 लाख रुपये, अनुसूचित जनजाति के श्रमिकों के लिये 75 करोड़ 90 लाख रुपये एवं सामान्य व अन्य पिछड़ा वर्ग के श्रमिकों के लिये 201 करोड़ 30 लाख रुपये की राशि शामिल है।

उक्त भुगतान में शर्त रखी गई है कि अपात्र व्यक्तियों को लाभ न हो एवं वर्तमान में सत्यापन उपरान्त अपात्र पाये गये  व्यक्तियों को छोडक़र लंबित प्रकरणों में केवल पात्र हितग्राहियों को भुगतान किया जाये।

उल्लेखनीय है कि अनुग्रह सहायता योजना में मप्र असंगठित कर्मकार कल्याण मंडल भोपाल में पंजीकृत श्रमिकों को सामान्य मृत्यु पर 2 लाख रुपये एवं दुर्घटना में मृत्यु पर 4 लाख रुपये का भुगतान किया जाता है। यह राशि मृतकों के परिजनों को उनके बैंक खाते में सीधे भुगतान की जायेगी तथा इसमें आधार नंबर होने की शर्त नहीं रहेगी।