सूरत पुलिस को एक एंबुलेंस से नोटों से भरी करीब 6 पेटियां मिली हैं, जिनमें से दो हजार रुपये के असली जैसे दिखने वाले नकली नोट भरे मिले हैं। इन नोटों पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की जगह रिवर्स बैंक ऑफ इंडिया लिखा गया है, जो कि सिर्फ फिल्मों की शूटिंग के लिए लिखा जाता है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गुजरात की सूरत पुलिस को एंबुलेंस से 2000 रुपये के नकली नोटों से भरे डिब्बे मिले हैं। एम्बुलेंस का उपयोग आमतौर पर बीमार या जरूरतमंद लोगों को अस्पतालों में ले जाने के लिए किया जाता है, लेकिन सूरत में एम्बुलेंस का इस्तेमाल नकली नोटों को इधर-उधर ले जाने के लिए किया जा रहा है। यहां बॉक्स से 25 करोड़ रुपए के नोट मिले हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूरत ग्रामीण पुलिस के कामरेज थाने को सूचना मिली कि अहमदाबाद से मुंबई जा रही एक एंबुलेंस में भारी मात्रा में नकली नोट हैं। सूचना मिलने पर कामरेज थाना पुलिस ने हाईवे पर एंबुलेंस को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
कामरेज थाने की टीम ने हाईवे पर शिव शक्ति होटल के पास एंबुलेंस को रोका। मूल रूप से जामनगर के रहने वाले एंबुलेंस चालक ने एंबुलेंस का पिछला दरवाजा खोलकर देखा तो उसमें 6 डिब्बे मिले, जिसमें दो हजार रुपये के 1290 बंडल मिले, जिसकी कीमत 25 करोड़ 80 लाख है।