मध्य प्रदेश के सिंगरौली से इंसानियत को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। जिला अस्पताल में एंबुलेंस न मिलने पर लाचार पिता ने अपने नवजात बेटे के शव को प्लास्टिक की पॉलीथिन में रखकर बाइक की डिक्की में डाल लिया। इससे पहले दंपती ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत की थी। कलेक्टर ने एसडीएम को जांच के आदेश दिए हैं।
इस व्यक्ति का नाम दिनेश भारती है, जो कि बीजापुर के रहने वाले हैं। बीजापुर उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पड़ता है। बीजापुर से सोनभद्र की दूरी 100 किमी है। वहीं उनका गांव सिंगरौली मुख्यालय से 50 किमी की दूरी पर है। सिंगरौली पास होने के कारण दिनेश मंगलवार सुबह यहां पत्नी का प्रसव करवाने के लिए लेकर आया था।
दिनेश ने आरोप लगाया कि वो अपनी पत्नी को जिला अस्पताल ले गया, जहां उसे डॉक्टर ने प्राइवेट क्लीनिक में जाने को कहा। पीडित पिता का कहना है, कि जब मैं वहां गया तो मुझसे 5 हजार रुपए जमा करने को कहा गया। मेरे पास सिर्फ 3 हजार रुपए थे, 5 हजार रुपए का इंतजाम करने के बाद ही मेरी पत्नी को यहां भर्ती किया गया।
अल्ट्रासाउंड में पता चला कि गर्भ में बच्चा मृत अवस्था में है। इसके बाद निजी अस्पताल ने वापस जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद मृत बच्चे का जन्म जिला अस्पताल में हुआ था। प्रसव के बाद पत्नी की हालत भी ठीक नहीं थी। अस्पताल वालों ने एंबुलेंस भी मुहैया नहीं कराई।
मामले में सिंगरौली कलेक्टर राजीव रंजन मीणा ने कहा है कि एसडीएम को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।