काली फिल्म के पोस्टर पर विवाद: भारतीय फिल्म निर्माता लीना मणिमेकलाई ने 2 जुलाई को अपनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म काली का एक पोस्टर साझा किया। फिल्म के पोस्टर में 'माँ काली' के हाथों में सिगरेट और LGBT का झंडा देखकर लोग आक्रोशित हुए।

आक्रोश की सबसे बड़ी वजह डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'काली' का पोस्टर बना है। फिल्म के पोस्टर में माँ काली को सिगरेट पीते हुए दिखाया गया है। इतना ही नहीं उनके एक हाथ में त्रिशूल और दूसरे में LGBT का रंगीन झंडा है। इन दोनों बातों को लेकर विवाद शुरू हो गया है।

कई यूजर्स अब लीना की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग फिल्ममेकर लीना पर जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर #arrestleenamanimekalai ट्रेंड कर रहा है। लोगों का कहना है कि मेकर्स ने फ़िल्म के ज़रिये हिंदू धर्म का अपमान किया है।

लीना पर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप है। फिल्म निर्माता लीना ने अपनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म का एक पोस्टर साझा करते हुए लिखा कि उनकी फिल्म को कनाडा फिल्म फेस्टिवल (रिदम्स ऑफ कनाडा) में लॉन्च किया गया।

वह अपनी फिल्म को लेकर काफी एक्साइटेड थीं। लेकिन पोस्टर सामने आने के बाद लोगों ने इसे पूरी तरह से खारिज कर दिया। कई यूजर्स ने पोस्टर पर PMO और अमित शाह को टैग कर कार्रवाई करने की मांग की है। इन सबके बीच फिल्म निर्माता के खिलाफ़ FIR दर्ज हो गई है।