कलेक्टर-SP या शिक्षकों के ट्रांसफर पर नम आँखों से भावुक विदाई की बात तो कई बार सुनी जाती है लेकिन इंदौर में सोमवार शाम को इसके विपरीत ही नज़ारा दिखाई दिया। इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह के ट्रांसफर की घोषणा के चंद घंटों के बाद ही कलेक्ट्रेट परिसर में जम कर आतिशबाजी हुई। अब इस आतिशबाज़ी का कारण क्या रहा होगा इसे लेकर तमाम चर्चाएं हैं। 

मध्यप्रदेश सरकार ने सोमवार देर रात भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारियों को इधर से उधर किया था। इस फेरबदल में इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह को अपर सचिव मध्य प्रदेश शासन की जिम्मेदारी दी गई है। मनीष सिंह प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम तथा प्रबध संचालक, मप्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड भोपाल बनाए गए हैं।

मनीष सिंह के ट्रांसफर की घोषणा के बाद ही कलेक्ट्रेट परिसर में आतिशबाजी करने वाले कौन थे ये तो पता नहीं चला सका और इस आतिशबाज़ी के पीछे उनका क्या मंतव्य था यह भी सामने नहीं आया है। हालांकि यह कहा जा रहा है कि मनीष सिंह के ट्रांसफर की खुशी में ही यह आतिशबाजी की गई है। 

वहीं अब मनीष सिंह के स्थान पर इलैयाराजा टी को इंदौर कलेक्टर बनाया गया है। वे अब तक जबलपुर कलेक्टर की जवाबदारी निभा रहे थे। करीब तीन साल पहले सरकार ने मनीष सिंह को बनाया था। उनके कार्यकाल में विधानसभा उपचुनाव, नगर निगम, पंचायत चुनाव हुए हैं।