हवाई सर्वे के साथ ही बाढ़ग्रस्त इलाकों में हौसला मुख्यमंत्री शिवराज खुद जुट गए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज संकटमोचन बन खतरे की परवाह किये बिना बाढ़ में फंसे लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। सुबह बोट से एनडीआरएफ की टीम के साथ तो दोपहर में हवाई सर्वे करके सीएम ने हालात का जायजा लिया। मैदान में जुटी सभी रेस्क्यू टीमों का भी सीएम ने हौसला बढ़ाया। 

हवाई सर्वे के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय को जानकारी मिली कि ग्राम मूडराखेडा, तानाजा गढ़ला में कुछ लोग फंसे हुए है, तब मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क करने वाले व्यक्ति नारायण सिंह बनवासी से मुख्यमंत्री ने फोन पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि गाँव के कुछ लोग अपने घरों में फँसे हुए हैं, और उनका रेस्क्यू किया जाना आवश्यक है। इसके बाद सीएम ने तत्काल अपने हेलिकॉप्टर के पायलेट्स को उस गाँव की ओर मुड़ने के निर्देश दिए। 

मुख्यमंत्री जी ने अपने हेलिकॉप्टर के माध्यम से ही एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर से संपर्क किया और  इस गाँव के लोगों के फँसे होने का संदेश भिजवाया। तत्पश्चात एयरफोर्स का हेलिकॉप्टर उस गाँव में पहुँचा और वहां फँसे लोगों को रेस्क्यू किया गया।  

एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर से सफल रेस्क्यू ऑपरेशन को मुख्यमंत्री अपने हेलीकाप्टर से लगातार मॉनिटर करते रहे और आवश्यक दिशा निर्देश देते रहे। 

इससे पहले सीएम शिवराज ने विदिशा के नवीन कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार कक्ष में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि बाढ़ और अतिवर्षा से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति की सरकार हर सम्भव मदद करेगी। सीएम ने कहा कि जिदंगियां बचाने में एवं सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में हम सफल हुए हैं। भारतीय वायु सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड सभी ने बहुत मेहनत की है। इस कार्य में योगदान देने वालों के प्रति साधुवाद व्यक्त करता हूं।