मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव की शपथ के बाद लाड़ली बहना योजना की पहली किस्त बुधवार को जारी हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1.29 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1576.61 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर रहे हैं।
राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में यह राशि ट्रांसफर होनी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार से ही मध्यप्रदेश में
15 जनवरी 2024 तक मनाए जाने वाले महिला सशक्तिकरण सप्ताह की शुरुआत भी करेंगे।
इधर पूर्व CM शिवराज ने राशि ट्रांसफर होने पर लाडली बहनों को बधाई दी है। मीडिया से चर्चा में शिवराज ने कहा कि आज 10 तारीख है... मध्य प्रदेश की मेरी लाडली बहनों, आज लाड़ली बहना दिवस है और आज ही आपके खाते में फिर 1250 रुपए आने वाले हैं। सभी बहनों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं...!
शिवराज ने आगे कहा कि मेरे लिए सारी बहनें देवी का रूप है और महिला सशक्तिकरण मेरे जीवन का मिशन है। अब लाडली बहनें, लखपति बहनें बने इसके अभियान में मैं जुटूंगा। मैं हमारे मुख्यमंत्री मोहन यादव जी को और उनकी पूरी टीम को धन्यवाद और बधाई देता हूं कि यह योजना निरंतर जारी रहेगी और मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार मां, बहन और बेटी के जन कल्याण में जुटी रहेगी।