भोपाल : प्रदेश के निवाड़ी जिले के धार्मिक स्थल ओरछा में अब पांच पुरातत्व स्थलों को एक ही टिकट लेकर देखा जा सकेगा। पहले इन पांचों स्थलों के लिये अलग-अलग टिकट लेना होता था। उल्लेखनीय है कि ओरछा में संस्कृति विभाग के अंतर्गत कार्यरत पुरातत्व कार्यालय के अधीन पांच प्राचीन स्मारक यथा जहांगीर महल समूह, राजा महल समूह, चतुर्भुज मंदिर समूह, लक्ष्मी मंदिर समूह एवं छत्री समूह हैं।
इनके अवलोकन के लिये पहले सिर्फ दस रुपये का ही एक टिकट लगता था परन्तु 23 फरवरी 2022 को संस्कृति विभाग ने इनका अलग-अलग शुल्क यानि 20 रुपये प्रति समूह रख दिया था। इसका स्थानीय समुदाय ने जमकर विरोध किया जिस पर अब अब प्रवेश शुल्क नये सिरे से निर्धारित कर एक ही टिकट पर इन पांचों समूह को देखने की व्यवस्था कर दी गई है।
अब भारतीय दर्शक 50 रुपये तथा विदेशी दर्शक 750 रुपये शुल्क देकर इन पांचों समूह को देख सकेंगे। इसके अलावा, इन पांचों समूह की कैमरा से अव्यवसायिक फोटोग्राफी करने पर 400 रुपये एवं व्यवसायिक फोटो ग्राफी करने पर 800 रुपये शुल्क देना होगा।