भोपाल (जोशहोश डेस्क) पूर्व आईएएस वरदमूर्ति मिश्र ने नया सियासी दल बनाया है। उन्होंने अपने राजनैतिक दल का नाम 'वास्तविक भारत पार्टी' रखा है। आगामी विधानसभा चुनाव में प्सरदेश की भी 230 सीटों पर अपने प्रत्याशियों को उतारेंगे।
पूर्व आईएएस वरदमूर्ति मिश्र ने एक जून 2022 को शासकीय सेवा से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होने भाजपा और कांग्रेस पर जिस तरह से सवाल उठाये थे उससे यह संकेत मिले थे कि वे आम आदमी पार्टी में शामिल होंगे या किसी नए राजनीतिक दल का गठन करेंगे।
शासकीय सेवा से इस्तीफा देते समय पूर्व आईएएस वरदमूर्ति मिश्र ने कांग्रेस और भाजपा दोनों की सरकारों को जमकर कोसा था। उनका कहना था कि प्रदेश में इन दोनों पार्टियों की सरकारें रही हैं लेकिन आज भी प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि, रोजगार के मामले में बहुत पीछे है।
उन्होंने ब्यूरोक्रेसी पर राजनीतिक दबाव को लेकर भी सवाल उठाये थे। उन्होंने कहा था कि ब्यूरोक्रेसी के पास कोई विशेष अधिकार, शक्तियां नहीं बची। सारी शक्तियां राजनीति में आ गई है। उन्होंने ये भी दावा किया था कि कई प्रशासनिक अधिकारी उनके साथ जुड़ने को तैयार हैं।