मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह (मम्मा) का निधन हो गया है। कहा जा रहा है कि वह काफी समय से बीमार थे, जिसके चलते इलाज के दौरान 11 मार्च 2025 को सुबह 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। 62 वर्षीय सुरेन्द्र नाथ सिंह भोपाल की मध्य विधानसभा सीट से विधायक भी रह चुके हैं। वह भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। फिलहाल सुरेंद्र नाथ सिंह के निधन से खासकर मध्य प्रदेश भाजपा में शोक की लहर है।
बताया जा रहा है कि भाजपा नेता सुरेन्द्र नाथ सिंह की भी हाल ही में हार्ट सर्जरी हुई है। हालाँकि, वह हृदय संबंधी समस्याओं से पीड़ित थे। सुरेन्द्रनाथ सिंह लंबे समय से सक्रिय भाजपा राजनीति से दूर थे। हालाँकि, पार्टी और आम जनता के बीच उनकी एक अलग पहचान थी। भोपाल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने भोपाल के विकास और जनकल्याण के लिए अनेक कार्य किए। वहीं विधायक रहते हुए वे अपने निर्वाचन क्षेत्र में कुछ न कुछ काम करते नजर आते थे। कभी वो नाली की सफाई करने खुद ही उसमें कूद पड़ते तो कभी सड़क झाड़ने के लिए खुद झाड़ू उठा लेते। उनके इसी अंदाज से वो क्षेत्र के हर वर्ग-समुदाय के बीच अहम स्थान रखते थे।
सुरेन्द्र नाथ शिवराज सिंह के करीबी थे
भोपाल में 'मम्मा' के नाम से मशहूर सुरेंद्रनाथ सिंह पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के बेहद करीबी माने जाते थे।
पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं ने भी उनके असामयिक निधन पर दुख व्यक्त किया है। सुरेन्द्रनाथ सिंह लंबे समय से भाजपा और आरएसएस के लिए काम कर रहे थे। उनकी गिनती भाजपा के कद्दावर नेताओं में भी होती थी।
कैलाश विजयवर्गीय ने जताया दुख
मोहन कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, 'भाजपा मध्यप्रदेश के वरिष्ठ नेता और भोपाल के पूर्व विधायक, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संघर्ष के साथी श्री सुरेंद्र नाथ सिंह जी के असमय निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को यह असीम दुख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति।
शिवराज ने 'मम्मा' के जाने पर जताया दुख
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में साथी रहे, भोपाल के पूर्व विधायक, मेरे प्रिय मित्र और भाई श्री सुरेंद्रनाथ सिंह जी 'मम्मा' नहीं रहे। मम्मा भारतीय जनता पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता रहे हैं। उनके निधन का समाचार सुनकर दु:खी एवं स्तब्ध हूं।
मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारजनों के साथ हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति!
BJP प्रदेश अध्यक्ष ने व्यक्त किया दुख
मध्य प्रदेश भाजापा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सुरेंद्रनाथ सिंह के निधन पर शोक व्यक्त जताया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा- भोपाल नगर के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक एवं बीडीए के पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्रनाथ सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकमय परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति:।