भोपाल: मिशन 2023 आने के पहले ही प्रदेश कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के कट्टर समर्थक पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे ने कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। चौबे सागर जिले की खरई विधानसभा सीट के पूर्व विधायक रह चुके है। उन्होंने खुरई क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ खराब व्यवहार होने का कारण बताते हुए पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने का पत्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को लिखा है।

अरुणोदय चौबे खुरई विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक रहे थे। उन्हें कमलनाथ समर्थक माना जाता था। मगर कुछ समय से चौबे पार्टी संगठन से नाराज थे। उनके खिलाफ आपराधिक मामला चल रहा था और बताया जा रहा है कि इस वजह से राजनीतिक दबाव भी बन रहा था।

सागर जिले के भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव और राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के संपर्क में चौबे के होने की बात कही जा रही है और आज उनके इस्तीफे के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही वे भाजपा की सदस्यता ले लेंगे।

कमलनाथ को पत्र लिखकर छोड़ी पार्टी-

चौबे ने कमलनाथ को एक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने खुरई विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अच्छा व्यवहार नहीं होने से खुद को दुखी बताया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि कहा है कि इस वजह वे पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे रहे हैं। इस्तीफे में उन्होंने लिखा है कि वे वरिष्ठ उपाध्यक्ष और टीकमगढ़ जिले के प्रभारी पद के साथ कांग्रेस की सदस्यता भी छोड़ रहे हैं।