भोपाल: पूर्व विधायक मंडल सदस्य सुविधा समिति के अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र ने बताया कि राजधानी भोपाल में स्थित एमएलए रेस्टहाऊस में छह दिन तक नि:शुल्क ठहरने की सुविधा पूर्व विधायकों को मिल गई है तथा ठहरने के दौरान छह दिन तक सुबह के नाश्ते की सुविधा भी नि:शुल्क की गई है। साथ ही कमरों के रख्रखाव एवं गद्दे-पलंग की व्यवस्था भी पहले से बेहतर की गई है।

मिश्रा ने बताया कि स्पीकर गिरीश गौतम से मंडल ने भेंट कर उन्हें पूर्व विधायकों की पेंशन बढ़ाये जाने का अनुरोध किया है। स्पीकर ने कहा है कि अन्य राज्यों में पूर्व विधायक को क्या-क्या सुविधाएं मिल रही हैं, इसकी जानकारी ली जाये और इसकी रिपोर्ट दशहरा से लेकर दीपावली के बीच प्रस्तुत की जाए। दिसंबर महीने में जो विधानसभा चलेगी उसमें मुख्यमंत्री के सामने भी इन सब विषयों पर स्पीकर द्वारा चर्चा की जाएगी और कोई ठोस निर्णय लिया जायेगा।

राजेंद्र मिश्र ने बताया कि पूर्व विधायक साथी छतरपुर के बाबूराम अहिरवार जिन्होंने आंख का ऑपरेशन कराया है, उस ऑपरेशन में लगभग 30 हजार रुपये लगे हैं, जिसमें उन्होंने 20 हजार रुपये कर्ज लिया है। स्पीकर से अनुरोध किया गया है कि उन्हें 30 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की जाये जिसे स्पीकर स्वीकार कर कहा है कि दो-तीन दिन के भीतर उनको वह अनुग्रह राशि उपलब्ध हो जाएगी।