Kuno National Park: देश में चीतों के निवास स्थल 'कुनो नेशनल पार्क' से आज तीन नए चीता शावकों के जन्म की खुशखबरी सामने आई है. नामीबिया से भारत लाई गई मादा चीता ज्वाला ने तीन शावकों को जन्म दिया है. कूनो की मेडिकल टीम के मुताबिक, नवजात शावकों का स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक है और उनकी देखभाल की जा रही है.
केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स के ज़रिये ये बड़ी जानकारी साझा की है. उन्होंने एक्स (पूर्व-ट्विटर) पर लिखा, कूनो के नए शावक! ज्वाला नाम की नामीबियाई चीता ने तीन शावकों को जन्म दिया है. यह नामीबियाई चीता आशा द्वारा अपने शावकों को जन्म देने के कुछ ही सप्ताह बाद एक और गुड न्यूज है. सभी वन्यजीव वन्यजीव प्रेमियों को बधाई. भारत में इसी तरह से वन्य जीवन बढ़ता रहे, प्रोजेक्ट चीता सफल हो.
कूनो नेशनल पार्क में अब धीरे-धीरे चीतों की संख्या बढ़ने लगी है. करीब एक महीने पहले पिछले साल दिसंबर के अंतिम सप्ताह में नामीबिया से लाई गई आशा द्वारा 3 शावकों को जन्म देने के बाद अब नामीबिया की मादा चीता ज्वाला ने भी 3 शावकों को जन्म देकर भारत में चीतों का कुनबा बढ़ा दिया है.
कूनो नेशनल पार्क प्रबंधन के मुताबिक, ज्वाला ने 20 जनवरी को इन शावकों को जन्म दिया है. केंद्र सरकार द्वारा प्रोजेक्ट चीता के तहत 17 सितंबर 2022 को नामीबिया से 8 चीते लाए गए थे, जिनमें मादा चीता ज्वाला भी शामिल थी. बता दें कि इससे पहले 24 मार्च 2023 को मादा चीता ज्वाला ने पहली बार 4 शावकों को जन्म दिया था, जिसमें से 3 की मौत हो गई. जबकि, एक शावक अभी जीवित है और अब 9 माह का है.
ख़बरों के मुताबिक, कूनो नेशनल पार्क में आई खुशखबरी के बाद अब चीतों की कुल संख्या 20 हो गई है. हालांकि, पहले सिर्फ 13 वयस्क और 4 शावक मौजूद थे. अब 3 शावक नन्हे मेहमान बनकर आए हैं. जिसके बाद चीतों की संख्या 20 हो गई है. जिसमें 2 वयस्क चीते पवन और वीरा अभी खुले जंगल में हैं.