गुना के चाचौड़ा में 15 साल की नाबालिग बच्ची से गैंगरेप की घटना के बाद से घटनास्थल पर लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में महिलाओं व युवतियों ने सड़क पर उतरकर विरोध किया। उन्होंने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। उधर प्रशासन ने तीनों आरोपियों के घरों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। प्रशासनिक अधिकारी आरोपी के घर पहुंचे, जहां एक दिन का नोटिस देकर तत्काल बुलडोजर चला दिया गया। इस दौरान शहर से बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
गुना के चाचौड़ा-बीनागंज में दुष्कर्म पीड़िता ने कहा - गाड़ी में घुमाकर किया गैंगरेप और वीडियो बनाया। पुलिस इस मामले में अब तक नौ लोगों को आरोपी बना चुकी है। पहले छह आरोपी थे, जिनमें तीन और बढ़ाए गए हैं। उनके खिलाफ धारा 363, 366A, 376B, 376D, 120B, 34, 3/4,11/12,26/18 POCSO अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। चाचौड़ा TI रवि गुप्ता को लापरवाही के आरोप में हटाया दिया गया है। वहीं बलवीर सिंह गौर को नया TI बनाया गया है।
शनिवार को आरोपियों ने 15 साल की बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता झाड़ियों में बेहोश पड़ी मिली। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के लिए स्थानीय लोगों ने भारी प्रदर्शन किया। साथ ही आरोपियों के घरों को गिराने की मांग की। पुलिस ने इस पूरे मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो अभी भी पहुंच से बाहर हैं।
रविवार को बड़ी संख्या में स्कूली छात्राओं और महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। उन्होंने शहर में रोजाना हो रही छेड़छाड़ व दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से प्रदर्शन कर सुरक्षा की मांग की है। छात्राओं का कहना है कि कोचिंग और स्कूल छोड़ने पर उनके साथ छेड़खानी की जाती है। बदमाश उनकी स्कूटी को कट मारते हैं। छात्राओं व महिलाओं ने SDM कार्यालय व थाने पहुंचकर विरोध किया। उनका कहना है कि शाम 7:00 बजे के बाद घर से बाहर निकलना मुश्किल है क्योंकि उन्हें और उनके परिवार को अपनी सुरक्षा का डर है। जिले में गुंडाराज अपने चरम पर है।