गुना जिले के चाचौड़ा-बीनागंज से 15 साल की नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला तूल पकड़ चुका है। दुष्कर्म के आरोपियों के घर चल रहे बुलडोज़र को देखते हुए आरोपी नितिन यादव के पिता जगमोहन यादव ने खुद ही अपना मकान तोड़ दिया है।
जगमोहन यादव ने कहा मेरे बेटे पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप है इसीलिए मैं खुद ही अपना मकान तोड़ रहा हूं। जगमोहन ने मकान तोड़ने के लिए मज़दूर भी बुलवाये। उन्होंने ये भी कहा कि शायद मेरे ही संस्कारों में कोई कमी रह गई होगी, इसलिए ऐसा हुआ।
इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ़ मामला दर्ज किया गया था। उसके प्रशासन ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक-के-बाद एक मामले के आरोपियों के मकान तोड़ दिए थे।
गौरतलब है, कि हादसे के बाद पीड़िता झाड़ियों में बेहोश पड़ी मिली। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के लिए स्थानीय लोगों ने भारी प्रदर्शन किया। साथ ही आरोपियों के घरों को गिराने की मांग की। पुलिस ने इस पूरे मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो अभी भी पहुंच से बाहर हैं। वहीं रविवार को बड़ी संख्या में स्कूली छात्राओं और महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया था। उन्होंने शहर में रोजाना हो रही छेड़छाड़ व दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से प्रदर्शन कर सुरक्षा की मांग की थी।