केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने ग्वालियर को बेंगलुरु, दिल्ली और अयोध्या से जोड़ने वाले एक नए हवाई मार्ग का उद्घाटन किया। ये फ्लाइट्स अयोध्या, ग्वालियर, बेंगलुरु और दिल्ली को जोड़ने वाली दैनिक उड़ान होंगी।

इस मौके पर बोलते हुए सिंधिया ने कहा, कि 500 करोड़ रुपये की लागत से नए ग्वालियर टर्मिनल का काम अगले कुछ दिनों में पूरा हो जाएगा। दो लाख वर्ग फीट में स्थापित ग्वालियर का नवीन हवाई अड्डा, इंदौर और भोपाल हवाई अड्डे जितना ही विशाल होगा और 16 महीनों के रिकॉर्ड समय में तैयार कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।

उन्होंने घोषणा की कि हम ग्वालियर में नई टर्मिनल बिल्डिंग बनाकर इतिहास रचने की कोशिश कर रहे हैं। हवाई अड्डा आधुनिकता और प्राचीनता का मिश्रण है जो ग्वालियर शहर के इतिहास, संस्कृति, सभ्यता और स्थानीय लोकाचार को दर्शाता है और अब कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा।

उन्होंने यह भी कहा कि अगले कुछ दिनों में पूरा होने वाला टर्मिनल क्षेत्र की भविष्य की मांग को पूरा करने के लिए तैयार होगा। यहां दैनिक उड़ानों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। इसके अतिरिक्त, 2014 से दुबई और शारजाह के लिए दूसरी अंतर्राष्ट्रीय कनेक्टिविटी भी है। इसी तरह, मध्य प्रदेश में 2014 से पहले प्रति सप्ताह केवल 540 विमानों की आवाजाही होती थी और अब यह संख्या बढ़कर 1000 से अधिक हो गई है।

आपको बता दें, कि नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ ग्वालियर से तीन प्रमुख मार्गों पर उद्घाटन उड़ान को हरी झंडी दिखाई, जो देश भर में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

सिंधिया ने कहा कि यह हम सभी के लिए एक नई शुरुआत है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का दृष्टिकोण विश्व स्तरीय कनेक्टिविटी के माध्यम से भारत की आर्थिक और आध्यात्मिक शक्तियों को उजागर करना और बढ़ाना है। उन्होंने यह भी कहा कि ग्वालियर अब 6 शहरों - दिल्ली, हैदराबाद, इंदौर, मुंबई, बेंगलुरु और अयोध्या से जुड़ गया है।