भोपाल में भदभदा डेम के गेट शनिवार को खोल दिए गए है। देर रात से हो रही तेज़ बारिश के चलते सुबह एक गेट खोला गया इसके बाद दूसरा गेट भी खोल दिया गया। गेट खोले जाने के साथ ही प्रशासनअलर्ट है और कलियासोत नदी के किनारे निचली बस्तियों पर नज़र रखी जा रही है।
भोपाल में बीते 24 घंटों में 1 इंच से अधिक बारिश होने से तापमान में भी गिरावटआई है। शनिवार सुबह ओंकारेश्वर के 23 में से सात गेट खोल दिए गए। नर्मदापुरम में भी तवा डैम के 5 गेट को 7 फीट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।
मौसम विभाग ने शनिवार को भी भोपाल, रायसेन, राजगढ़, ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड और बघेलखंड में भारी बारिश की संभावना जताई है।
ग्वालियर-चंबल में भी बारिश का दौर जारी है। शिवपुरी, दतिया, भिंड और श्योपुर में बुधवार-गुरुवार रात से बारिश हो रही है। कोटा बैराज से छोड़े गए 12 हजार क्यूसेक पानी और बारिश के असर से मुरैना में राजघाट पर चंबल का जलस्तर 4 मीटर तक बढ़ गया है।
श्योपुर में पार्वती और अमराल नदी उफान पर है। श्योपुर से कोटा हाईवे बंद रहा।