महाकालेश्वर धाम उज्जैन, भारत में सर्वाधिक प्रतिष्ठित ज्योतिर्लिंगों में से एक विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है। उज्जैन महाकाल मंदिर परिसर के नवनिर्माण का पहला चरण पूर्ण हो गया है। इस नवनिर्माण योजना का मुख्य उद्देश्य आकर्षक एवं विश्व स्तरीय बुनियादी अधोसंरचना के विस्तार के माध्यम से श्रद्धालुओं के आध्यात्मिक अनुभवों को और बेहतर एवं आनंददायी बनाना है।
महाकाल लोक के नवनिर्माण में 900 मीटर लम्बा कॉरिडोर, दिव्य कलाकृतियां, एक थीम पार्क, एक हेरिटेज मॉल, ई-ट्रांसपोर्ट सुविधाएं और पवित्र रुद्रसागर झील का पुनरुद्धार शामिल है। 856 करोड़ रुपये से श्री महाकाल मंदिर परिसर में निर्मित श्री महाकाल लोक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा मूर्त रूप दिया जा रहा है।
जानिए क्या हैं इस महाकाल लोक की विशेषताएं-
महाकाल लोक में सबसे पहले एक स्वागत संकुल क्षेत्र बनाया गया है, जिसमें एक बार में लगभग 20 हजार तीर्थयात्रियों की क्षमता है, इसमें दो द्वार, नंदी द्वार एवं पिनाकी द्वार, टिकट और सूचना कियोस्क, मूर्तियाँ, रुद्रसागर तट और सप्तऋषियों सहित 54 फीट ऊंचा पंचमुखी शिव स्तम्भ स्थित है।
कमांड सेंटर के साथ पूर्णतः सुसज्जित सुरक्षा निगरानी कक्ष साथ ही क्षेत्र और चार्जिंग डॉक के साथ ई-रिक्शा पार्किंग का भी निर्माण किया गया है। अलावा इसके स्वल्पाहार, हस्तशिल्प, फूल और कर्मकांड की वस्तुओं आदि के लिये 128 दुकानें भी यहां हैं।
वहीं 400 किलोवाट क्षमता की सोलर रूफ एवं 400 कारों की क्षमता वाली पार्किंग भी बनाई गई है। एक ही समय में 6 हजार लोगों की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से महाकालेश्वर मंदिर के समीप ही निर्मित मानसरोवर भी आकर्षण का केंद्र है।
महाकालेश्वर मंदिर और राम घाट से जुड़ने वाला प्राचीन पैदल मार्ग और महाकाल द्वार का संरक्षण भी किया गया है। रुद्रसागर झील को क्षिप्रा नदी के जल से भरने तथा इस झील को सीवर मुक्त बनाने के लिये जीर्णोद्धार का काम भी यहां किया गया है।
अलावा इसके इस पूरे परिसर को भगवान शिव की पौराणिक कथाओं से सजाया गया है। इसमें शिव विवाह, त्रिपुरासुर वध, शिव पुराण और शिव तांडव स्वरूप की विभिन्न कहानियों को दर्शाया गया है, जो तीर्थयात्रियों की धार्मिक भावनाओं और पर्यटन अनुभव को और भी बेहतर बनाएगा। प्रांगण के मध्य में भोजनालय, जनसुविधा, खरीदारी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।