मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार को छठ पूजा के अवसर पर भक्तों ने डूबते सूर्य को अर्ध्य दिया। इसके लिए शीतल दास की बगिया में श्रद्धालुओं का जमावड़ा रहा। 
आस्था के महान पर्व छठ पूजा को बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है, हालांकि यह पर्व पूर्वांचल और बिहार में विशेष रूप से मनाया जाता है, लेकिन देश के बाकी हिस्सों में भी लोग इसे बड़े उत्साह के साथ मनाते हैं। मध्य प्रदेश में भी छठ पर्व धूमधाम से मनाया गया।  अर्घ्य देने के लिए रविवार को भोपाल समेत मध्य प्रदेश के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। छठ पूजा के अवसर पर, छठवर्तियों ने डूबते सूर्य को अर्ध्य देकर प्रार्थना की।

इस दौरान भोपाल में शीतल दास की बगिया घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। वहीं सोमवार की सुबह उगते सूर्य की पूजा की जाएगी, इस दौरान भक्त उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे।
मध्य प्रदेश के दूसरे घाटों पर भी पहले अर्घ्य पर रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। छठ पूजा के दौरान पहले अर्घ्य के लिए भक्त दोपहर में छठ के लिए घाट पर पूजन सामग्री, फल आदि लेकर जाते हैं ताकि घाट पर पूजा सामग्री को सही जगह पर सजाया जा सके और पूजा की तैयारी की जा सके।

इसी तरह दूसरे अर्घ्य पर पहली सुबह छठ पूजा घाट पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ती है। सोमवार यानि कल सुबह उगते सूरज को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके लिए भक्त आधी रात से घाट के लिए निकलते हैं और उगते सूर्य को अर्पण के साथ चार दिवसीय यह छठ पूजा उत्सव समाप्त हो जएगा।

भोपाल में भी इसके लिए सभी छठ पूजा घाटों पर रोशनी की सुंदर व्यवस्था की गई है, साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए हैं। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के लिए कपड़े बदलने की व्यवस्था भी की गई है।