राजधानी भोपाल में कुत्तों के काटने की घटनाएं लगातार जारी है। मंगलवार को भी एक ही दिन में कुत्तों के काटने के हैरान कर देने वाले आंकड़े सामने आए हैं। भोपाल में एक ही दिन में 41 लोगों को आवारा कुत्तों ने अपना शिकार बनाया, इसके बाद मरीज इलाज करवाने के लिए जेपी अस्पताल पहुंचे।

कुत्तों ने कई छोटे बच्चों को भी अपना निशाना बनाया। इन हमलों के बीच जब नगर निगम की टीम कुत्तों को पकड़ने पहुंची तो डॉग लवर्स ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया, जिसके बाद निगम ने 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई।

9 जनवरी को इसी कुत्ते ने करीब 21 लोगों पर हमला किया था। एमपी नगर में कुत्ते ने दूसरे कुत्तों को भी निशाना बनाया। 13 जनवरी को एक कुत्ते ने सात माह के बच्चे का हाथ खा लिया। जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

कुत्तों के लगातार हो रहे हमलों को लेकर मेयर मालती राय ने भी बैठक की। उन्होंने कहा कि हम हर दिन कार्रवाई कर रहे हैं। लेकिन जब कोई हादसा होता है तो खबर ज्यादा फैलती है। हमारी टीम लगातार काम कर रही है। लेकिन कई बार डॉग लवर्स भी हमारे काम में रुकावट डालने की कोशिश करते हैं। जिन लोगों के पास कुत्ते हैं उन्हें भी अपने कुत्तों को बांधकर रखना चाहिए।

राज्य में कुत्तों के बढ़ते हमलों के मुद्दे पर सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने अधिकारियों को ऐसी घटनाओं को रोकने का निर्देश दिया था।